बालू लदा ट्रक के पलटते ही लगी आग,बाल बाल बचे चालक व खलासी
कौशांबी - सरायअकिल कोतवाली इलाके के तिल्हापुर व धारुपुर गांव के बीच शुक्रवार सुबह स्टेयरिंग फेल होने पर अनियंत्रित होकर बालू लदा ट्रक पलट गया।ट्रक के पलटते ही अचानक उसमें आग लग गई। हादसे में चालक व खलासी बाल बाल बच गए।जलते ट्रक का सीसा तोड़कर दोनों ने बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फायरब्रिगेड को सूचना दी व नलकूप चलवाकर ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया।जब तक फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची आग पर काबू पा लिया गया था।कोखराज के हसीन अहमद का ट्रक बृहस्पतिवार रात भिलोर घाट पर बालू लोडिंग करने आया था।ट्रक को कोखराज का ही हुस्ने अहमद चला रहा था।खलासी गुलफाम भी ट्रक में बैठा था।चालक हुस्ने अहमद ने बताया कि शुक्रवार सुबह भोर में करीब पांच बजे वह ट्रक में बालू लोड कर सरायअकिल की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक तिल्हापुर व धारुपुर गांव के बीच पहुंचा अचानक स्टेयरिंग फेल हो गई।जब तक वह कुछ समझ पाता अनियंत्रित होकर बालू लदा ट्रक सड़क किनारे खेतों में पलट गया। पलटते ही ट्रक में तेज धमाका हुआ और आग लग गई।किसी तरह अगला सीसा तोड़कर चालक व खलासी बाहर निकले। हादसे में दोनों बाल बाल बच गए।दुर्घटना के बाद मार्निंग वाक पर निकले कुछ ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंचे चौकी इंचार्ज तिल्हापुर अवधराज यादव ने आग लगने की सूचना फायरब्रिगेड को दी। पुलिस ने पास का निजी नलकूप चलवाकर ग्रामीणों की मदद से फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के घंटे भर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची।हादसे में बाल बाल बचे दोनों चालक व खलासी सहमे हुए हैं!